दतिया जिले के गोराघाट में बुधवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी की 'संकल्प यात्रा' के दौरान भारी हंगामा और पुलिस के साथ तीखी झड़प हुई। बिना अनुमति के ग्वालियर की ओर बढ़ रहे सैकड़ों कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन, आंसू गैस के 5-6 गोले और हल्के लाठीचार्ज का सहारा लिया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दामोदर यादव के नेतृत्व में यह यात्रा दतिया से ग्वालियर जा रही थी। हालांकि, सवर्ण आर्मी की आपत्ति के बाद प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए यात्रा और प्रस्तावित सभा की अनुमति रद्द कर दी थी। सिंध नदी के गोराघाट पुल पर दतिया और ग्वालियर दोनों जिलों की पुलिस ने मोर्चा संभाल रखा था। जब कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, तो पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की। कार्यकर्ताओं के न मानने और स्थिति आक्रामक होने पर पुलिस ने जल प्रहार (वाटर कैनन) किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस ने मौके से यात्रा के नेतृत्वकर्ता दामोदर सिंह यादव सहित करीब 100 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। इन सभी को बसों के जरिए बड़ौनी स्थित अस्थायी जेल भेजा गया है। वर्तमान में इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। जिले के एसपी और तीन एसडीओपी सहित करीब 15 थानों का पुलिस बल अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहा।