फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Damoh News: जमीन से कुछ ही ऊंचाई पर उड़ रहा हवाई जहाज बना चर्चा का केंद्र, दो दिन से लगा रहा चक्कर

Sun, 19 Jan 2025 05:47 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में एक हवाई जहाज पिछले दो दिनों से उड़ रहा है। जिसकी ऊंचाई जमीन से महज 150 फीट होगी। हवाई जहाज को देखकर लोग जहां रोमांचित हो रहे हैं, वहीं कई प्रकार की चर्चाएं भी चल रही हैं। इस बात की जानकारी कलेक्टर को भी दी गई है। उन्होंने जानकारी दी जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

दरअसल ग्रामीणों ने हवाई जहाज को इतना नजदीक से देखा तो वह काफी उत्साहित भी हैं। शनिवार दोपहर पहली बार हवाई जहाज तेंदूखेड़ा के ग्रामीण क्षेत्रों में देखा गया। लोगों ने इसके वीडियो बनाए। लोग हवाई जहाज को देख कई तरह के अनुमान लगा रहे हैं। कोई यह कह रहा है कि जबलपुर की एक लड़की पायलट बनी है, शायद वही इस जहाज को उड़ा रही है। कोई यह भी कह रहा है कि जहाज सर्वे हो रहा है। इसका उद्देश्य क्या है यह किसी को समझ में नहीं आया।

गांव के बच्चों ने पहली बार इतनी कम दूरी से हवाई जहाज देखा तो खुशी से झूमने लगे और अपने परिवार के लोगों को बुलाया और उस जहाज को देखा। ग्रामीणों का कहना है पहली बार जहाज को उन्होंने शनिवार के दिन देखा तो कुछ लोगो का कहना है कि रविवार को उनको यह जहाज दिखा है, जिसने एक दो नहीं बल्कि कई चक्कर गांव के लगाए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में घूम रहा जहाज
पिंडरई निवासी राजा ठाकुर ने बताया कि उन्होंने रविवार सुबह दस बजे पिंडरई गांव में जहाज देखा। वह घर के अंदर बैठे थे अचानक आवाज आई तो कुछ ही ऊंचाई पर यह जहाज उड़ रहा था और चक्कर लगा रहा था जहाज ने दो बार चक्कर लगाए। पाजी निवासी विष्णु रजक ने बताया जहाज घरों के ऊपर से निकला। आवाज आई तो बच्चे जहाज देख चिल्लाने लगे, हम लोग घरों से बाहर निकले और जहाज को देखा जो घरों से कुछ ही ऊंचाई पर उड़ रहा था। विशाल रजक ने बताया जहाज ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे दिन घूमता रहा। में पंडा बाबा दर्शन के लिए गया था। लगभग तीन बजे जहाज उड़ रहा था।

कैमरों में किया कैद
पहली बार इतनी कम ऊंचाई पर उड़ने वाले जहाज को देख लोग घरों से निकलकर बाहर आए और जहाज को देख अपने परिचितों व रिश्तेदारों को जहाज की सूचना दी। यह जहाज पंडा बाबा से सैलवाडा, पाजी पिंडरई तक कई बार चक्कर लगाता दिखाई दिया। लोग यह भी अनुमान लगा रहे हैं कि यह जहाज रूट से तो नहीं भटक गया है इसलिए चक्कर लगाकर अपनी दिशा खोज रहा है।

गांव में उड़ रहे जहाज को लेकर तेंदूखेड़ा एसडीएम सौरभ गंधर्व ने बताया कि मुझे सुबह जानकारी मिली थी। मैंने पूरे मामले से दमोह कलेक्टर को अवगत कराया था। उन्होंने जानकारी दी है कि उड़ने वाला जहाज जबलपुर हवाई अड्डे से उड़ा है और केंद्र सरकार की योजनाओं का सर्वे कर रहा है चिंता वाली कोई बात नहीं है। 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें