दमोह जिले के पटेरा थाना क्षेत्र के शिकारपुरा गांव में चुनावी रंजिश के चलते गुरुवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चुनावी हार का बदला लेने के लिए आरोपियों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार मृतक देवेंद्र लोधी सरपंच का चचेरा भाई है, जो अपने घर से गांव में गुरुवार सुबह घूमने निकला था। इसी दौरान आरोपी मोती लोधी ने उस पर गोली चला दी और वह जमीन पर गिर गया और कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई। पटेरा टीआई सरोज सिंह ने बताया कि हत्या की वजह बीते पंचायत चुनाव की रंजिश है। पिछले पंचायत चुनाव में मृतक देवेंद्र लोधी के बड़े पिता का बेटा आनंदी लोधी सरपंच का चुनाव लड़ा था और आरोपी मोती लोधी भी उम्मीदवार था। देवेंद्र ने भाई का साथ देते हुए प्रचार-प्रसार में साथ दिया था। इसके बाद आनंदी लोधी ने चुनाव जीत लिया था, जबकि मोती लोधी हार गया था। तभी से मोती लोधी रंजिश रखे हुए था और दोनों के बीच तनाव चल रहा था।
हत्या के बाद गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आरोपी मोती लोधी घटना को अंजाम देने के बाद से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- जल्लाद पिता: पहले बेटी की आंखों में मिर्च झोंकी, फिर चाकू गोदकर मौत के घाट उतारा; बस इतनी सी बात पर आया गुस्सा
घात लगाकर किया हमला
मृतक देवेंद्र लोधी के भाई विष्णु सिंह ने बताया कि मेरा भाई गांव में एक जगह बैठा हुआ था, तभी आरोपी दो लोगों के साथ बाइक से बंदूक लेकर पहुंचा। उनके बीच गाली गलौज की आवाज सुनाई दे रही थी। जब तक मैं पहुंचा आरोपी ने मेरे भाई को गोली मारी और वहां से फरार हो गया।
मृतक के भाई का यह भी कहना है कि पंचायत चुनाव में हार के बाद से आरोपी मोती रंजिश बनाए हुए था और उसका कहना था कि चुनाव में खर्च हुए 500000 रुपए चाहिए, वरना वो मारकर उसकी वसूली करेगा। हटा एसडीओपी प्रशांत सुमन का कहना है आरोपी फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
ये भी पढ़ें- डॉक्टर ने बच्चे नहीं होने पर थमाया तलाक का नोटिस, पत्नी ने प्रेमिकाओं का नाम लिखकर लगा ली फांसी
भाइयों में बड़ा था मृतक
मृतक देवेंद्र लोधी तीन भाई हैं। देवेंद्र सबसे बड़ा था। तीनों की मिलाकर करीब 40 एकड़ पैतृक खेती की जमीन है। मृतक देवेंद्र का एक 15 साल का बेटा है। मृतक कुछ साल से हटा में अपने परिवार के साथ रहता था। बुधवार रात अपने माता-पिता से मिलने गांव पहुंचा था और सुबह उसके साथ यह हादसा हो गया।