दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत आने वाले बालाकोट गांव के जंगल में शनिवार रात सागर जिले के रहली निवासी एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी एचआर पांडे और जबलपुर नाका चौकी पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को जिला अस्पताल लाया गया। घटना की सूचना परिजनों को दी गई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर रविवार की दोपहर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामूली कहा सुनी को लेकर यह विवाद हुआ था जिसमें एक युवक की जान चली गई।
ये भी पढ़ें-रीवा में रात में बवाल, पत्थरबाजी, शराब की बोतलों से वार, महिलाओं ने भी लड़ी लड़ाई, पुलिस को भी नहीं छोड़ा
जानकारी के अनुसार सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले महुआ सेमरा गांव निवासी 30 वर्षीय गुड्डू आदिवासी अपने साथी महेंद्र, हिमू व अन्य लोगों के साथ शनिवार को दमोह जिले के बालाकोट गांव में अपनी मौसी के लड़के को लेने के लिए आया था। रात करीब 8 बजे जब वह लोग बालाकोट गांव जा रहे थे। तभी गौशाला के समीप घुरई सिंह नामक युवक से निकलने की बात को लेकर गुड्डू का मामूली विवाद हो गया। गुड्डू ने उसके साथ मारपीट कर दी इसके बाद आरोपी एक बंदूक लेकर आया और उसने गुड्डू पर गोली चलाकर उसकी हत्या कर दी। मृतक के साथी हिम्मु ने बताया कि वह लोग बालाकोट गांव के जिस घर में जा रहे थे वहां पहुंचने के पहले ही यह विवाद हो गया। जिसमें घुरई ने गुड्डू को गोली मार दी। वह लोग काफी डर गए थे इसलिए मौके से भाग गए।
ये भी पढ़ें- बहन से राखी बंधवाने के बाद फैक्ट्री के लिए निकले युवक की हत्या, रातभर मैदान में पड़ा रहा शव
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि रात में सूचना मिली थी कि बालाकोट के जंगल में एक युवक घायल हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंचते तो पता चला उसकी हत्या हुई है। वह घटनास्थल पहुंचे स्थानीय लोगों से जानकारी लेकर शव को जिला अस्पताल में रखवाया गया और मामले की जांच शुरू की गई। इसमें सामने आया की घुरई सिंह नामक युवक से गुड्डू का मामूली विवाद हुआ था। जिस पर से घुरई ने गुड्डू को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।