फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP News: छिंदवाड़ा में फैला डिप्थीरिया, एक ही परिवार के चार बच्चे संक्रमित, दो की मौत; भोपाल भेजे गए सैंपल

Sun, 22 Jun 2025 12:51 PM IST
छिंदवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छिंदवाड़ा

मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया ब्लॉक स्थित दलेलढाना गांव में डिप्थीरिया (गलाघोंटू) बीमारी ने एक ही परिवार के चार बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। इनमें से दो बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि दो का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले की जानकारी लगते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।

शुक्रवार रात बिगड़ी हालत, दो की गई जान
गांव के निवासी दुखलाल ककोडिया के छह बच्चों में से चार को शुक्रवार रात तेज बुखार और गले में दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बाकी तीन बच्चों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया, जहां इलाज के दौरान एक और बच्चे की मौत हो गई।

बीमारी की पुष्टि, गांव में पहुंची स्वास्थ्य टीम
जांच में डॉक्टरों ने बताया कि सभी चारों बच्चे डिप्थीरिया से संक्रमित थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और हालात का जायजा लिया। आसपास के 29 बच्चों के नमूने लेकर जांच के लिए भोपाल भेजे गए हैं।

ये भी पढ़ें- बीच सड़क पलटा ट्रक, शहडोल-रीवा मार्ग पर 30 किलोमीटर तक लगा लंबा जाम, 18 घंटे फंसे रहे वाहन

टीकाकरण पर उठे सवाल
डॉक्टरों का कहना है कि डिप्थीरिया एक संक्रामक बीमारी है, जिससे बचाव के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है। आरएमओ डॉ. हर्षवर्धन कोडपे ने बताया कि संभव है बच्चों को समय पर टीके नहीं लगे हों, इसलिए वे इस बीमारी की चपेट में आ गए। मामले की पूरी जांच की जा रही है।

गांव में दहशत का माहौल
घटना के बाद दलेलढाना गांव में दहशत का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग ने घर-घर जाकर बच्चों की जांच शुरू कर दी है। माता-पिता को टीकाकरण और साफ-सफाई को लेकर जागरूक किया जा रहा है।

क्या है डिप्थीरिया? यह एक बैक्टीरियल संक्रमण है जो गले में झिल्ली बना देता है। इससे सांस लेने में तकलीफ होती है और यह जानलेवा हो सकता है। बच्चों को इससे बचाने के लिए समय पर DPT टीका लगाया जाता है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें