फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhind: ऑपरेशन विश्वास की बड़ी सफलता, भिंड पुलिस ने 325 गुम मोबाइल लौटाए; मालिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

Wed, 17 Jun 2026 06:40 PM IST
भिन्ड ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भिंड

मोबाइल गुम होने के बाद अधिकांश लोग उसे हमेशा के लिए खोया हुआ मान लेते हैं, लेकिन भिंड पुलिस ने ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत सैकड़ों लोगों की उम्मीदें फिर से जगा दी हैं। पुलिस ने 325 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 81.30 लाख रुपये आंकी गई है।

बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने मोबाइल धारकों को उनके फोन लौटाए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल दोबारा मिल सकेगा। लोगों ने भिंड पुलिस और साइबर सेल की कार्यप्रणाली की सराहना की।

पढ़ें: कुएं की खुदाई के दौरान मलबा धंसा, सास-बहू 50 फीट गहराई में दबीं, एक की हुई मौत

पुलिस के अनुसार जिलेभर से लगातार मोबाइल गुम होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। साइबर सेल और जिले के सभी थाना पुलिस बल ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से मोबाइल ट्रेसिंग शुरू की। जांच के दौरान भिंड के अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, झारखंड, केरल, असम और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से मोबाइल बरामद किए गए।

बरामद मोबाइलों में रियलमी, ओप्पो, वीवो, सैमसंग, एमआई, मोटोरोला, टेक्नो, इंफिनिक्स और वनप्लस जैसी कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं। मोबाइल प्राप्त करने वालों में सेना और पुलिस के जवान, शिक्षक, पत्रकार, छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी, गृहिणियां और अन्य नागरिक शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान कई लोग अपना मोबाइल वापस पाकर भावुक भी नजर आए।

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने बताया कि वर्ष 2025 में सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से 628 गुम मोबाइल बरामद किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 325 मोबाइल खोजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों की गुम संपत्ति वापस दिलाने के साथ-साथ पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करना है। इस सफलता में साइबर सेल और जिले के सभी थाना पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें