दुबग्गा के नवीन सब्जी फल मंडी एसीपी कार्यालय के सामने हरदोई रोड किनारे वर्षों से लग रही साप्ताहिक बाजार में अवैध वसूली का मामला रविवार को खुलकर सामने आया। दुकानदारों व आसपास के किसानों ने बाजार पहुंचकर माइक से अनाउंसमेंट करते हुए जमकर नारेबाजी की और दुबग्गा पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। ओम कालेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित दुकानदार जगदीश, सूरज, रोहित, दिनेश कुमार, कमल, विकास, आकाश राठौर, अहमद अली, जलालुद्दीन, मोहम्मद इमरान सहित 50 से अधिक किसान व दुकानदार मौके पर जुटे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जैद और सैफ अली बाजार में प्रति दुकान 300 रुपये और ठेला लगाने वालों से 100 रुपये वसूलते हैं। विरोध करने पर दुकानों का सामान फेंक दिया जाता है। इसी से परेशान होकर दुकानदारों ने एकजुट होकर अवैध वसूली न देने की अपील की और कार्रवाई की मांग की। वहीं मंडौली निवासी मोहम्मद वसीम अकरम उर्फ जैद और छदुईय्या निवासी फरीद ने आरोप लगाया कि बेगरिया निवासी अजय रावत उर्फ मिश्रा रंगदारी और जान से मारने की धमकी दे रहा है।इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। बढ़ती अवैध वसूली और दबंगई से किसान व दुकानदार दहशत में हैं।