शराब पीने आने वाले ग्राहकों को ठेले पर मछली और खाने-पीने का सामान बेचने वाले पिता-पुत्र की नजर जब रोजाना सरकारी शराब की दुकान के गल्ले में जमा होने वाली मोटी नकदी पर पड़ी तो उनकी नियत डोल गई। दोनों ने चोरी की योजना बनाई और रात के अंधेरे में लोहे की सरिया से दुकान का शटर तोड़कर गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। नगराम पुलिस ने 48 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 20 जुलाई को कंपोजिट अंग्रेजी शराब की दुकान में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, एस ओ नगराम अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। मुखबिर की सूचना पर ग्राम करोरा पुल के पास से राघवेंद्र कश्यप (45) और उसके नाबालिग पुत्र शिवा कश्यप को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे उसी बिल्डिंग में रहते हैं, जहां सरकारी अंग्रेजी शराब की दुकान संचालित होती है। दुकान के बगल में ठेला लगाकर शाम को शराब पीने वालों को मछली और अन्य खाद्य सामग्री बेचते थे। रोज गल्ले में बड़ी रकम जमा होती देखकर दोनों ने चोरी की साजिश रची और 19/20 जुलाई की रात सरिया से शटर उठाकर गल्ले से नकदी पार कर दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,11,900 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त लोहे की सरिया बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने कुछ रुपये खर्च कर देने की बात भी स्वीकार की। दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।