अवध जिमखाना क्लब में लखनऊ स्वदेशी व्यापारी मंच की ओर से आयोजित परिचय बैठक में राष्ट्रीय सहसंयोजक संदीप बंसल ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं के अधिकाधिक उपयोग से स्थानीय उद्योगों को मजबूती मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और देश की अर्थव्यवस्था सशक्त होगी। उन्होंने व्यापारियों से स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने भी स्वदेशी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करने पर चर्चा की। कार्यक्रम में व्यापार जगत से जुड़े अनेक लोग मौजूद रहे।