रक्षा मंत्रालय की स्थायी संसदीय समिति अयोध्या पहुंची। समिति के सदस्यों ने रामलला, हनुमानगढ़ी और कनक भवन में दर्शन-पूजन किया। समिति का नेतृत्व भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्रालय की समिति का आधिकारिक दौरा कोच्चि से वाराणसी तक ही निर्धारित था। इसके बाद समिति के सदस्य निजी यात्रा पर प्रयागराज और अयोध्या पहुंचे। राधा मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि अयोध्या आने वालों में केवल चार सदस्य शामिल हैं, जिनमें स्वयं राधा मोहन सिंह, जगदीप, राजीव भारद्वाज और समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह शामिल हैं। समिति के सदस्य राहुल गांधी के अयोध्या न आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत विषय है कि वे कहां जाते हैं और कहां नहीं, सभी सदस्य स्वतंत्र हैं और किसी पर कोई बाध्यता नहीं है। राम मंदिर को लेकर राधा मोहन सिंह ने कहा कि यह राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है और वर्षों से देखा गया सपना आज साकार हुआ है। वहीं समिति के सदस्य सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने प्रयागराज प्रकरण को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि धर्म ध्वजवाहक शंकराचार्य को निशाना बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को चाहिए कि वह उन्हें सम्मान दे और स्नान की व्यवस्था कराए। अखिलेश यादव के रामलला दर्शन न करने पर उन्होंने कहा कि नेताजी इस समय महादेव मंदिर का निर्माण करवा रहे हैं। उम्मीद है सावन तक निर्माण पूरा होने के बाद वे अयोध्या आकर रामलला के दर्शन कर सकते हैं।