भारतेंदु नाट्य अकादमी के आठ दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह के छठे दिन राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बीएनए पहुंचीं। उनके सामने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के उपन्यास पर आधारित नाटक आनंद मठ का मंचन किया गया। इसका निर्देशन बिपिन कुमार ने किया। इस अवसर पर बीएनए अध्यक्ष रतिशंकर त्रिपाठी ने 50 वर्षों की बीएनए की यात्रा के साथ ही विगत दो वर्षों में हुए संस्थान के कायाकल्प के बारे में बताया। उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया कि हमें पीएचडी कराने की अनुमति दी जाए। साथ ही उन्होंने रंगमंच के विद्यार्थियों को आजीविका के लिए नौकरी की व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विधायक ओपी श्रीवास्तव, लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी, भातखंडे विवि की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह, वरिष्ठ रंगकर्मी पद्मश्री डॉ. अनिल रस्तोगी, बीएनए के अध्यक्ष रति शंकर त्रिपाठी और निदेशक बिपिन कुमार समेत रंगकर्मी और अन्य कलाकार मौजूद रहे।