राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर सांसद पप्पू यादव के बयान और संसद परिसर में किए गए प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को लखनऊ में सनातन रक्षा संगठन ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने शहर में पप्पू यादव की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और उनके पुतले पर जूते-चप्पल बरसाकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रतीकात्मक स्वरूप पर भी जूते-चप्पल मारे और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि राम मंदिर जैसे आस्था के विषय पर राजनीतिक बयानबाजी कर करोड़ों सनातनियों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है। सनातन रक्षा संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि संसद के मकर द्वार पर पप्पू यादव द्वारा किया गया प्रदर्शन सनातन समाज का अपमान है और ऐसे कृत्यों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पप्पू यादव से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो विरोध प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।