प्रतिबंधित शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े चार लोगों को यूपी एटीएस ने गिरफ्तार किया है। इनमें पंजाब के तीन युवक और एक नाबालिग शामिल है। आरोप है कि पाकिस्तानी हैंडलर राना भाई के कहने पर वे लखनऊ में पुलिस या सेना के किसी जवान की हत्या करने आए थे। इसके लिए उन्हें तीन लाख रुपये देने का वादा किया गया था। एटीएस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल और 20 कारतूस बरामद किए हैं। एटीएस के मुताबिक, उसे सूचना मिली थी कि शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े पंजाब के कुछ युवक सेना या पुलिस के किसी प्रतिष्ठान पर हमला करने की फिराक में हैं। जांच में गगनदीप सिंह और उसके साथियों का नाम सामने आया। ये सभी पाकिस्तानी हैंडलर राना भाई के संपर्क में थे। एटीएस ने 30 अक्तूबर को लखनऊ से चारों को गिरफ्तार कर लिया।