लखनऊ में ब्रह्माकुमारीज के '10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान' के तहत शुक्रवार को विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जानकीपुरम सेवा केंद्र की प्रभारी ब्रह्माकुमारी सुमन दीदी के नेतृत्व में आयोजित अभियान में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई और नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई गई। अभियान के तहत उदय मोंटेसरी स्कूल, एमएलएम इंटर कॉलेज, पायनियर मोंटेसरी स्कूल, आरआर इंस्टीट्यूट बीकेटी, कैरियर पब्लिक स्कूल, जिज्ञासा पब्लिक स्कूल, दुर्गा गीता विद्यालय और अलीगंज मोंटेसरी स्कूल सहित विभिन्न संस्थानों में कुल 2,855 लोगों ने नशामुक्ति की शपथ ली। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी स्नेह बहन, साधना बहन, अनु बहन, आकांक्षा बहन सहित अन्य सदस्यों ने भी सहभागिता की। आयोजकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी से सक्रिय सहयोग और जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।