उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के क्रम में विधायक डॉ नीरज बोरा द्वारा बुधवार को 'मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित योजना' (डूडा) के अंतर्गत फैजुल्लागंज एवं जानकीपुरम वार्ड के 18 विकास कार्यों का भव्य शिलान्यास किया गया। विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि यह विकास कार्य भारतीय जनता पार्टी की सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास की परिकल्पना को सार्थक करने की दिशा में एक और कदम है। डॉ नीरज बोरा ने समाजवादी पार्टी द्वारा वोटर लिस्ट को लेकर किए जा रहे दुष्प्रचार पर पलटवार करते हुए कहा, सपा हार के डर से बौखलाई हुई है। इसलिए वो तरह तरह के आरोप लगा रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत से 18,000 नए फॉर्म भरे गए हैं, जिनमें युवा और हाल ही में लखनऊ शिफ्ट हुए लोग प्रमुख रूप से सम्मिलित हैं। हम वोटर लिस्ट के शुद्धिकरण के लिए तत्पर हैं और जो पात्र लोग छूट गए हैं, उन्हें जोड़ने का काम पूरी पारदर्शिता से किया जा रहा है।