लखनऊ में मड़ियांव के घैला पुल के पास बृहस्पतिवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। बिजली के पोल लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली का एक्सल अचानक टूट गया। ट्रॉली में लदे भारी पोल की चपेट में आने से सीतापुर निवासी चालक राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चौकी प्रभारी घैला राजदीप चौधरी ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को ट्रॉली के नीचे से बाहर निकलवाया। राजकुमार को गंभीर अवस्था में नज़दीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने ट्रॉली को सड़क से हटवाकर रास्ता खाली करवाया। ठेकेदार ज्ञानेंद्र शुक्ला ने बताया कि बिजली के पोल को दुबग्गा से छठा मील ले जा रहे थे। वही लोगों ने इतनी अधिक संख्या में ट्राली पर पोल रखने पर नाराजगी जाहिर की। गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर भीड़ कम थी, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।