जानकीपुरम जोन के भुइयां देवी मंदिर, कुटवा रोड इलाके में गुरुवार देर रात बिजली संकट से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज उपभोक्ताओं ने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया। इलाके में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए करीब 500 मीटर एबीसी केबल डाली जा रही थी, लेकिन कर्मचारियों की कमी के चलते काम धीमी गति से चल रहा है। सूचना पर उपकेंद्र के अधिकारी मौके पर पहुंचे औए लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोश बढ़ने पर पुलिस बुलानी पड़ी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद अधिकारियों और पुलिस ने लोगों को शांत कराकर जाम खत्म कराया। उधर, पिंक सिटी तिवारीपुर में एलटी लाइन बांधने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। फ्लैश पेटी लगाने के समय एबीसी केबल में अचानक तेज फ्लैश हो गया, जिससे लाइनमैन कमलेश झुलस गए। उन्हें गंभीर हालत में केके हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं कर्मचारी गुड्डू को सेवा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक न्यू कैंपस क्षेत्र में एक महीने के भीतर यह तीसरी घटना है। कुछ दिन पहले शंभूनाथ सोसाइटी तिराहा पर काम के दौरान लाइनमैन राजेश भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। आरोप है कि उस घटना को विभागीय अधिकारियों ने दबा दिया था।