राजधानी में सुबह से हो रही जोरदार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण अलीगंज, जानकीपुरम, फैजुल्लागंज और सीतापुर रोड समेत कई क्षेत्रों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह सड़क पर पानी भरने से वाहन चालकों को भी दिक्कत हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान जलनिकासी की व्यवस्था प्रभावित होने से हर बार समस्या सामने आती है। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को घरों से निकलने में भी परेशानी हो रही है। लगातार बारिश के कारण बाजार और प्रमुख मार्गों पर भी यातायात प्रभावित हुआ। लोगों ने जलभराव की समस्या से जल्द राहत दिलाने और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। नगर निगम की टीमें प्रभावित इलाकों में जलनिकासी के लिए जुटी हैं।