फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Video: जलभराव और बदहाल सड़कों से त्रस्त लोगों का अनोखा प्रदर्शन, गंदे पानी में उतरकर जताया विरोध

राजधानी के चिनहट क्षेत्र अंतर्गत न्यू मल्हौर–भरवारा वार्ड में वर्षों से जलभराव, जर्जर सड़कों और जल निकासी व्यवस्था के अभाव से परेशान क्षेत्रवासियों का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। स्थानीय नागरिकों ने गंदे पानी में उतरकर अर्धनग्न प्रदर्शन किया और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मल्हौर से हासेमऊ, जगपाल खेड़ा, भरवारा, वन वर्ल्ड सिटी, खरगापुर और शहीद पथ को जोड़ने वाली मुख्य सड़क मामूली बारिश में ही तालाब का रूप ले लेती है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे पानी में छिप जाने से आए दिन राहगीर, दोपहिया वाहन चालक, स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। वहीं क्षेत्र की अधिकांश आंतरिक सड़कें भी पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधीन आने और नियमित रूप से हाउस टैक्स वसूले जाने के बावजूद न तो समुचित नालियों का निर्माण कराया गया और न ही सड़कों की मरम्मत की गई। कई बार शिकायतें और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस बदहाल व्यवस्था का असर केवल स्थानीय लोगों पर ही नहीं, बल्कि एमिटी यूनिवर्सिटी के हजारों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों पर भी पड़ रहा है, जिन्हें प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है। लंबे समय तक जलभराव रहने से डेंगू, मलेरिया और अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्षों से अनदेखी और प्रशासनिक उदासीनता के कारण उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने नगर निगम और प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था, सड़क निर्माण और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें