लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर शनिवार को E20 पेट्रोल के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सपा छात्र सभा और युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के पोस्टर पर ‘E20 का समझो खेल, मोदीराज में मिलावटी तेल’ जैसे नारे लिखे थे। प्रदर्शनकारी E20 पेट्रोल को लेकर अपनी नाराजगी जता रहे थे। उनका कहना था कि E20 ईंधन को लेकर आम वाहन चालकों की चिंताओं पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान हजरतगंज चौराहे पर कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शन जारी रहने पर पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस बस से सभी प्रदर्शनकारियों को ईको गार्डन भेज दिया गया। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। अधिकारियों ने प्रदर्शन को देखते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए।