पारा के सदरौना स्थित कांशीराम कॉलोनी में मंगलवार को गैस सिलेंडर लदे पिकअप से कुचलकर जान गंवाने वाले 16 वर्षीय सूरज विश्वकर्मा का शव बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो माहौल गम से गुस्से में बदल गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी, मुआवजा और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर कॉलोनी की सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। शव लेकर लौट रहे परिजनों ने मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने शव को सुरक्षा घेरे में घर पहुंचाया। शाम तक नायब तहसीलदार आस्था पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों ने समझाने का प्रयास किया, परंतु परिवार लिखित आश्वासन मिलने तक अंतिम संस्कार से इनकार करता रहा। करीब पांच घंटे तक प्रदर्शन चला। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश जारी है। सूरज की मौत से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।