श्रावस्ती। भिनगा क्षेत्र में विद्यालय व दुकान को निशाना बनाने के आरोपी सात चोरों को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सभी ने शुक्रवार की रात घटना को अंजाम दिया था। चोरों के पास से चोरी का सामान, एक बाइक, एक सोलर इन्वर्टर, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई है। गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए सीओ भिनगा आलोक सिंह ने बताया कि शुक्रवार की देर रात उच्च प्राथमिक विद्यालय भलुहिया में चोरों ने दस्तक दी और विद्यालय में रखा सामान उठा ले गए थे। शनिवार को प्रधानाध्यापक राम छबीले की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कोतवाल राज प्रकाश सिंह टीम के साथ जांच कर रहे थे। इसी रात चोरों ने खरगौरा मोड़ निवासी चंद्र प्रताप के दुकान में भी दस्तक दी और नकदी सहित सामान उठा ले गए थे। दोनों घटनाओं की जांच के रविवार की भोर सात चोरों के जनता इंटर कॉलेज के पास एक निर्माणाधीन मकान से मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली। इस पर कोतवाल ने टीम के साथ मौके पर दबिश देकर सभी को दबोच लिया। आरोपियों की पहचान पटना गांव निवासी दीपक सोनी, रेवलिया निवासी श्याम जी सोनी उर्फ सिब्बू और सचिन सोनी, सिसवा निवासी तालीम, खरगौरा निवासी ज्ञानेंद्र पाठक उर्फ छोटू पंडित, सोनवा थाना क्षेत्र के ककंधू निवासी अरुण कुमार वर्मा उर्फ ननके और बहराइच के रानीपुर थाना क्षेत्र के मुडफोरवा निवासी राम तेजपाल उर्फ मुन्ने के रूप में हुई है। सभी को जेल भेज दिया गया। चोरी का सामान बरामद सीओ ने बताया कि चोरों के पास से छह नए करवा लोटे, एक बंधना लोटा और पीतल व कांसे के एक-एक पतीले मिले हैं। साथ ही दो पैन कार्ड, एक आधार कार्ड, एक डेबिट कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड, एक बैंक पासबुक, एक बैंक चेकबुक, एक मोटरसाइकिल, पांच किलोवाट का एक सोलर इन्वर्टर, चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से संबंधित 5,500 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन व 950 रुपये नकद बरामद हुए हैं।