बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर मंगलवार दोपहर रोडवेज बस और मैजिक वैन के बीच आमने-सामने की टक्कर में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने दौड़कर घायलों को बचाया और एंबुलेंस की मदद से सीएससी रामनगर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक, हादसा सुरवारी गांव के पास हुआ। मैजिक में सवार सरोज देवी (46), निवासी बसंत अंता, जिला गोण्डा; चन्दन (30), निवासी गोसाईन पुरवा, जिला गोण्डा, गोविंद (29), निवासी लालपुरवा, जिला बहराइच घायल हुए। रामनगर के कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारण हाईवे पर जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने हटवाकर यातायात सामान्य किया।