दुबग्गा के बसंतकुंज उपकेंद्र क्षेत्र में बार-बार बिजली फॉल्ट और आपूर्ति बाधित होने से नाराज उपभोक्ताओं ने शुक्रवार सुबह प्रदर्शन किया। लालाबाग, फरीदीपुर, बसंतकुंज कॉलोनी, न्यू फरीदीपुर और नवीन सब्जी-फल मंडी के आढ़ती व मजदूरों समेत बड़ी संख्या में लोग करीब नौ बजे उपकेंद्र पहुंचे। उपभोक्ताओं ने बताया कि करीब 350 मकानों में आए दिन फॉल्ट के कारण बिजली गुल रहती है। दो ट्रांसफार्मर लगे होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। फॉल्ट के बाद घंटों बिजली बाधित रहने से गर्मी में लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। सूचना पर एसडीओ रामकेश और जेई मोहम्मद अरशद मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनीं। प्रदर्शनकारियों ने निर्बाध बिजली आपूर्ति और बार-बार होने वाले फॉल्ट पर रोक लगाने की मांग की। अधीक्षण अभियंता ब्रह्मपाल ने बताया कि उपभोक्ताओं को जल्द समस्याओं के समाधान और बिजली आपूर्ति सुचारु कराने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।