चिनहट मल्हौर स्टेशन रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिनहट का परिसर इन दिनों घोर अंधेरे में डूबा हुआ है। रात होते ही पूरे परिसर में रोशनी की समुचित व्यवस्था न होने से मरीजों और तीमारदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परिसर में जगह-जगह अंधेरा रहने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बिना प्रकाश व्यवस्था के कोई भी बाहरी व्यक्ति आसानी से परिसर में प्रवेश कर सकता है और किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। तीमारदारों ने बताया कि रात के समय मरीजों को वार्ड तक ले जाने में परेशानी होती है। स्थानों खुला मेन होल और प्रकाश की समुचित व्यवस्था न होने के कारण अंधेरे में गिरकर चोट लगने का खतरा बना रहता है। बुजुर्ग और महिलाएं विशेष रूप से असुरक्षित महसूस करती हैं। करीब आठ माह से अब तक प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त न हो पाई है। सवाल यह है कि जब स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना सैकड़ों लोग आते-जाते हैं, तब भी मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी क्यों की जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक ज्योति कामले का कहना है कि समस्या की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और जल्द ही समाधान का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल मरीजों और तीमारदारों को अंधेरे में ही जोखिम उठाकर आना-जाना पड़ रहा है।