अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी में विभिन्न स्थानों पर योग शिविरों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों को भारतीय संस्कृति और योग के महत्व का संदेश दिया। ममता चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित योग शिविर में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम में योग के शारीरिक और मानसिक लाभों पर भी प्रकाश डाला गया। वहीं केडी सिंह बाबू स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, नीरज सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने योगाभ्यास किया।