ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने यूपी प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर ‘GEN-Z महाजुटान यात्रा’ की घोषणा की। आइसा नेता भानु ने बताया कि 9 से 18 सितंबर तक चलने वाली यह यात्रा इलाहाबाद से शुरू होकर रायबरेली, बनारस, आजमगढ़, गोरखपुर, फैजाबाद, लखनऊ और मेरठ पहुंचेगी। यात्रा में नेहा, मनीष और जेएनयूएसयू अध्यक्ष अदिति समेत कई युवा नेता शामिल होंगे। आयोजकों के मुताबिक यात्रा का उद्देश्य प्रदेश में छात्रों से जुड़े मुद्दों को एक मंच पर लाना है। इनमें पेपर लीक, परीक्षा में धांधली, फीस वृद्धि, एससी/एसटी छात्रों के प्रवेश से जुड़े 70 प्रतिशत सुरक्षा प्रावधान, मेडिकल इंटर्न्स का स्टाइपेंड और स्कूली शिक्षा की बदहाली प्रमुख हैं। आइसा का कहना है कि जंतर-मंतर आंदोलन की तर्ज पर यात्रा के जरिए शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर प्रदेशव्यापी छात्र-युवा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।