इस्कॉन (श्री श्री राधा रमण बिहारी मंदिर), सुशांत गोल्फ सिटी की ओर से 16 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। होटल हॉलीडे इन में आयोजित प्रेसवार्ता में मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु ने बताया कि यात्रा शाम 4 बजे रवींद्रालय, चारबाग से शुरू होकर बासमंडी चौराहा, हेवेट रोड, कैंट चौराहा, हजरतगंज होते हुए जहांगीराबाद पैलेस पर संपन्न होगी। यात्रा में चार भव्य रथ, 256 प्रकार का छप्पन भोग और मुकुंदा रॉक बैंड की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होंगे। आयोजकों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव के शामिल होने की संभावना है। इस्कॉन ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में रथयात्रा में शामिल होने की अपील की है।