राजधानी लखनऊ में सोमवार को वजीरगंज स्थित परिवार कल्याण महानिदेशालय को मेल के जरिये बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जानकारी मिलते ही अधिकारी व कर्मचारी दफ्तर से बाहर निकल गए। पुलिस और बस स्क्वायड टीम जांच में जुट गई। जगत नारायण रोड पर परिवार कल्याण महानिदेशालय का कार्यालय है। सोमवार को दोपहर 1:30 बजे डीजी को एक मेल भेजा गया। मेल में कार्यालय को बम से उड़ाने की बात लिखी थी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। डीजी ने कार्यालय में मौजूद लोगों को बाहर निकलने के निर्देश दिए। आनन-फानन सभी बाहर निकल गए। मामले की जानकारी वजीरगंज पुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ कार्यालय पहुंचे। पुलिस ने बम स्क्वायड को बुलाया। इंस्पेक्टर ने बताया कि बम स्क्वाड टीम पूरे कार्यालय परिसर की जांच पड़ताल कर रही है।