राजधानी लखनऊ में गुरुवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर सौंपा। ज्ञापन में छात्रों ने प्रोफेसर रविकांत चंदन पर बागेश्वर धाम की तरफ से दर्ज कराए गए मुकदमे को वापस लेने की मांग की। इस दौरान छात्र नेता शुभम खरवार, विराट शेखर, अमितेश पाल, मनीष, मोहम्मद शान, नईम, वरुण, सोनू, मानव, आकाश, शिवांग, विकास, आनंद सहित दर्जनों छात्र मौजूद रहे। छात्रों ने कहा कि प्रो. रविकांत चंदन द्वारा एक्स पर किए पोस्ट में लिखा कथन बिल्कुल सत्य है। 'धीरेंद्र शास्त्री समिति की एंबुलेंस से महिलाओं को जबरन बाहर निकालकर बेरहमी से पीटा गया'। छात्रों ने आरोप लगाया कि देशभर में ऐसे कई बाबा हैं जो महिलाओं का शोषण करते हैं। आदिवासियों और दलितों की ज़मीनों पर कब्ज़ा करके आश्रम बना लेते हैं। लोगों को अंधविश्वास में धकेलकर वास्तविकता से दूर करते हैं। ज्ञापन में छात्रों ने मांग की है कि ऐसे बाबाओं पर मुकदमे दर्ज करके कठोर कार्रवाई की जाए।