लखनऊ के ठाकुरगंज में बारिश से उफनाये नाले में गिरकर पेंटर सुरेश लोधी की मौत हो गई। रविवार को जब उनका शव राधा ग्राम योजना स्थित उनके घर लाया गया तो चीखपुकार मच गई। सुरेश की जिस नाले में गिरकर मौत हुई थी उसकी सफाई के दौरान लापरवाही बरती गई थी। आठ फुट गहरे नाले को साफ करने के बाद हटाए गए ढक्कन को दोबारा नहीं रखा गया था जिससे हादसा हो गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब सुरेश का शव घर लाया गया तो परिजन चीत्कार उठे। इस दौरान भाजपा के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, विधायक नीरज बोरा, मेयर सुषमा खर्कवाल, जिलाधिकारी विशाख जी मार्चरी पहुंचे और परिजनों को चेक दिया।