बाराबंकी में गदिया के रामस्वरूप यूनिवर्सिटी में बिना मान्यता के चल रहे पाठ्यक्रमों को लेकर सोमवार को छात्रों का आक्रोश भड़क उठा। आक्रोशित छात्रों ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जमकर हंगामा काटा। सुबह से ही शुरू हुए धरना प्रदर्शन व हंगामे के कारण परिसर में दिनभर अराजकता रही। दोपहर में छात्रों ने कॉलेज का गेट बंद किया तो संस्थान प्रबंधन के लोगों के साथ उनकी भिड़ंत हो गई। इस दौरान मौजूद पुलिस ने हालात बेकाबू होते देख छात्रों को लाठी फटकार कर खदेड़ना शुरू कर दिया। इससे नाराज कुछ छात्रों ने गदिया पुलिस चौकी पर पथराव कर शीशे इत्यादि तोड़ दिए तो पुलिस ने छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। इसकी चपेट में आकर करीब 24 लोग जख्मी हो गए। इनमें से आठ को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।