शहर के प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में शुमार राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के पास 'रईसज़ादों' की गुंडागर्दी और हुड़दंग थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहाँ का नजारा ऐसा हो चुका है मानो नियम-कानून का कोई खौफ ही न बचा हो। सुबह हो या शाम, यहाँ लग्जरी कारों से खतरनाक स्टंटबाजी करना इन युवाओं के लिए आम बात हो गई है। सड़क पर गाड़ियों को तेजी से घुमाना, ड्रिफ्टिंग करना और जानलेवा स्टंट्स से राहगीरों की सांसें अटका देना यहाँ की रोज़ की कहानी बन चुका है। स्थानीय लोगों और आने-जाने वाले यात्रियों का कहना है कि यहाँ न तो इन्हें कोई रोकने वाला है और न ही कोई टोकने वाला।