राजधानी लखनऊ के आशियाना में सेक्टर-k स्थित चांसलर क्लब में धार्मिक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने पौराणिक कथाओं और चरित्रों का उल्लेख करते हुए उत्तर प्रदेश की शासन-व्यवस्था पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कंस और रावण के आचरण का उदाहरण देते हुए कहा कि जब सत्ता में बैठे लोग केवल अपने स्वार्थ और भय के आधार पर निर्णय लेते हैं, तो वे किसी रिश्ते या स्वतंत्रता का सम्मान नहीं करते। शंकराचार्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लेते हुए कहा कि आज की व्यवस्था में भी वही प्रवृत्ति दिखाई दे रही है, जहां अपनी इच्छा के अनुसार शासन चलाया जा रहा है और लोगों को डराने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से पूछा कि क्या वे भयभीत हैं, जिस पर जनता ने निडरता व्यक्त की। शंकराचार्य ने सावधान करते हुए कहा कि प्रशासन यहां कैमरों के ज़रिए उपस्थित लोगों की पहचान कर रहा है, ताकि बाद में उन्हें परेशान किया जा सके।