लखनऊ में गुडंबा क्षेत्र के जानकीपुरम में घर के बाहर टहल रहे भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (भारत सरकार) के सेवानिवृत्त उपमहानिदेशक अशोक शर्मा से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर गुडंबा पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकीपुरम सेक्टर-एच निवासी अशोक कुमार के अनुसार रविवार रात करीब 11 बजे वह घर के बाहर टहलते हुए एसबीआई रोड से अपने घर की ओर लौट रहे थे। घर के सामने पहुंचते ही पीछे से दोपहिया वाहन पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए और गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुके थे। पीड़ित ने बताया कि घटना स्थल पर पर्याप्त रोशनी नहीं थी। बदमाशों की बाइक की बैक लाइट भी बंद थी, जिससे उसका नंबर दिखाई नहीं दिया। वहीं बाइक की आवाज भी बेहद धीमी होने के कारण उन्हें पहले से कोई आभास नहीं हुआ। पीड़ित के मुताबिक, घटना से करीब 10 मिनट पहले वह घर से लगभग 150-200 मीटर दूर एक पुलिया पर बैठे थे। उसी दौरान दो युवक वहां से गुजरे और उनके ऊपर ईंट फेंकी थी। उस समय उन्होंने इसे शरारत समझा, लेकिन अब आशंका है कि वही लोग उनकी रेकी कर रहे थे और बाद में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पीड़ित की पत्नी वीना शर्मा ने तत्काल यूपी-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश की जा रही है।