ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती आठ जुलाई को राजधानी लखनऊ आएंगे। वह फैजुल्लागंज स्थित जगलाल गेस्ट हाउस में आयोजित आशीर्वचन एवं भजन संध्या कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य विषय 'गाय माता को राष्ट्र माता घोषित करो' रखा गया है। मंगलवार को गोमतीनगर स्थित शीरोज कैफे में आयोजित प्रेसवार्ता में समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं कार्यक्रम की आयोजक पूजा शुक्ला ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सनातन संस्कृति, वैदिक परंपराओं, गौ-संरक्षण, राष्ट्रहित और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर अपने विचार रखेंगे। उनके आशीर्वचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म और जीवन मूल्यों का संदेश मिलेगा। पूजा शुक्ला ने बताया कि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आशीर्वचन के साथ भजन संध्या का भी आयोजन होगा।