वेटलिफ्टिंग में ओलंपिक मेडल विजेता एवं दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की कुलपति कर्णम मल्लेश्वरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देश में खेल बुलंदियों को छू रहा है। खिलाड़ियों को वह हर सुविधा मिल रही है जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध है। जम्मू-कश्मीर में भी खेल के विकास को लेकर अपार संभावनाएं हैं। बस खिलाड़ियों को तरासने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बेटियों को मौका दिया जाए तो वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में मेडल की झड़ी लगा देंगी। ओलंपियन कर्णम मल्लेश्वरी शनिवार को युवा सेवा एवं खेल प्राधिकरण जम्मू-कश्मीर द्वारा कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह को संबोधित कर रही थी। समारोह में मौजूद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि अब जमाना पढ़ाई के साथ खेल का भी है जो अव्वल रहेगा वही आगे बढ़ेगा। उन्होंने युवा पीढ़ी को खेल से जुड़े का आह्वान किया।