रियासी पिछले छह दिनों से एनएचपीसी के अस्थाई कर्मचारी अपनी मांगों को ले कर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उन की लंबित मांगों को पूरा नहीं किया जाता वे पीछे हटेंगे। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें स्थाई नहीं किया गया और न ही अन्य सुविधाएं मिल रही हैं। बुधवार को विधायक कुलदीप राज दुबे ने मौके पर पहुंच कर्मचारियों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अस्थाई कर्मचारियों की मांगे पूरी तरह जायज हैं और उन के मुद्दों का समाधान करवाने के लिए वह हर संभव प्रयास करेंगे। विधायक ने आश्वासन दिया कि जल्द ही एनएचपीसी प्रबंधन व प्रशासन के साथ बैठक कर कर्मचारियों की समस्याओं को हल करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। प्रदर्शनकारियों ने विधायक का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि उन के हस्तक्षेप से उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उन की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन को और तेज करेंगे।