उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार की शाम श्री रघुनाथ मंदिर के बाहर कॉरिडोर विकास परिषद की ओर से आयोजित आरती समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने आरती के इस प्रयास को सराहा और कहा कि यह दिव्यता व आत्मविश्वास का प्रतीक है। एलजी बोले-जम्मू सनातन संस्कृति की धुरी है। आरती की यह पहल बड़ा बदलाव लाएगी। उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू साधकों के लिए तीर्थ है। यह हमारी विरासत का केंद्र और हमारे पारंपरिक मूल्यों की आत्मा है। उन्होंने ये भी कहा कि जम्मू का सर्वांगीण विकास और इसके व्यापारी वर्ग, दुकानदारों, श्रमिकों, उद्यमियों और ट्रांसपोर्टरों की प्रगति प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एलजी ने कहा कि पिछले पांच साल जम्मू के लिए स्वर्णिम काल रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम जम्मू के कायाकल्प और यहां के लोगों की समृद्धि के लिए दीर्घकालिक विजन के साथ काम कर रहे हैं।