भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में बड़ा बदलाव आया है। अब जम्मू-कश्मीर की पहचान संघर्ष के बजाय विकास, शांति और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के रूप में बन रही है। जम्मू में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नबीन ने कहा कि अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 हटाने के बाद केंद्र सरकार के फैसलों ने क्षेत्र में बदलाव की नई शुरुआत की। पहले जम्मू-कश्मीर को दुनिया के सामने एक अलग छवि के साथ पेश किया जाता था, लेकिन अब यह भारत के अभिन्न हिस्से के रूप में विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।