जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) ने बुधवार देर रात बिश्नाह के बहादुरपुर गांव के पास खेत से करीब दो किलो हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसे पाकिसतानी ड्रोन से गिराए जाने की आशंका है।पुलिस के अनुसार भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थानीय युवक ने खेत में काले रंग का बैग देखा और पूर्व सरपंच सूचना दी। सूचना पर पुलिस और बीएसएफ ने देर रात इलाके की घेराबंदी कर खेत से बैग बरामद किया। यह एक रस्सी और हुक से जुड़ा था। बैग में हेरोइन के छोटे-छोटे पैकेट थे। पुलिस के अनुसार बैग को पाकिस्तान से ड्रोन से गिराए जाने का संदेह है। सुरक्षा कर्मियों के अनुसार बैग में करीब दो किलोग्राम हेरोइन थी। थाना बिश्नाह में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। थाना प्रभारी बिश्नाह इंस्पेक्टर राकेश सिंह जामवाल मामले की जांच कर रहे हैं। एफएसएल की टीम ने भी नशीली खेप के सोर्स और डेस्टिनेशन का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।