जम्मू-कश्मीर की गर्मजोशी और प्राकृतिक खूबसूरती का प्रतीक श्रीनगर एक बार फिर रंगों से सराबोर हो गया है। प्रतिष्ठित लाल चौक और उसके प्रसिद्ध घंटाघर की पृष्ठभूमि में पूरा इलाका इन दिनों फूलों की महक से महक उठा है। शहर को जीवंत रंगों के समंदर में तब्दील किया गया है, क्योंकि सोमवार से यहां तीसरा गुलदाउदी फ्लावर शो शुरू होने जा रहा है।
यह भव्य आयोजन शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य कश्मीर घाटी में उगाई जाने वाली गुलदाउदी की अनोखी और दुर्लभ प्रजातियों से लोगों को परिचित कराना है। स्थानीय स्तर पर इस फूल को प्यार से ‘गुल-ए-दाऊद’ कहा जाता है, जो शरद ऋतु में अपने सौंदर्य और रंगों से घाटी को नई ऊर्जा देता है।
फ्लावर शो को पर्यटन विभाग ने घाटी में शरद ऋतु के दौरान पर्यटकों को आकर्षित करने वाले विशेष आयोजनों की श्रृंखला में शामिल किया है। इस श्रृंखला के कार्यक्रम 15 नवंबर तक जारी रहेंगे।
फ्लावर शो में लाल, पीले, गुलाबी और बैंगनी रंगों के अलावा कई मिश्रित रंगों में लगभग 60 किस्मों की गुलदाउदी प्रदर्शित की जाएंगी। विश्वविद्यालय परिसर में इन फूलों से सजे बगीचे, कलात्मक सजावट और फोटोजोन लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
स्थानीय निवासियों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटक भी इस आयोजन को लेकर उत्साहित हैं। श्रीनगर प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि यह प्रदर्शनी न सिर्फ बागवानी और फूल उत्पादकों के लिए एक अवसर है, बल्कि कश्मीर की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का माध्यम भी है।
रंगों और खुशबू से भरा यह आयोजन घाटी की रौनक में चार चांद लगाने के लिए पूरी तरह तैयार है।