पुलवामा के नमन काकापोरा नाके पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) व जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों ने एक कार चालक को समय पर सीपीआर देकर उसकी जान बचा ली। जवानों के इस मानवतापूर्ण कदम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाया गया है कि नाके पर कार चालक अचानक बेहोश हो गया। उसकी गाड़ी लॉक थी। अचानक गाड़ी रुकने से सतर्क जवानों की नजर उधर गई तो चालक सीट पर लुढ़का नजर आया। उसमें हार्ट अटैक के लक्षण दिख रहे थे। जवानों ने पहले कार खोलने की कोशिश की, सफलता नहीं मिली तो कार की खिड़की से ही चालक को सीपीआर देने लगे। पहल सीआरपीएफ जवान ने की उसके बाद पुलिस कर्मी भी मदद करने लगा। चंद सेकेंड में ही चालक होश में आ गया। जवानों ने कार का दरवाजा खुलवाया और उसे दवा देने के बाद अस्पताल भेज दिया।