अमर उजाला ब्यूरो झांसी। तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायतों को आईजी आकाश कुलहरि ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित नियमों का पालन हर हाल में कराया जाएगा। कहीं पुलिस की लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मी से स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा। शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर आईजी ने कहा कि केवल ट्रैफिक पुलिस बढ़ाने से जाम की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। इसके लिए पुलिस के साथ नगर निगम और प्रशासन को भी मिलकर काम करना होगा। शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने ई-रिक्शा को भी शहर की यातायात व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती बताया। आईजी ने कहा कि जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सभी संबंधित विभागों को मिलकर प्रभावी व्यवस्था बनानी होगी।