फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Update: Delhi-NCR में ठंड ने दी दस्तक, 12 राज्यों में होगी बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी।

Thu, 09 Oct 2025 09:08 AM IST
अभिलाषा पाठक वीडियो डेस्क, अमर उजाला डॉट कॉम

ठंड की शुरूआत हो गई है? क्या बारिश का दौर अब भी बाकी है? देश के किन-किन राज्यों में अभी भी बारिश हो सकती है? आइए जानते हैं। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश के दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है। दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम राज्यों में सुबह-शाम हल्की ठंड पड़ने लगी है। दिल्ली-एनसीआर में रात में बहुत से लोग पंखा, कूलर और एसी नहीं चला रहे हैं। यहां तक कि हल्के कंबल का भी सहारा लोग ले रहे हैं। इस बीच देश के कई राज्यों में झमाझम बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल और माहे में 9 से 12 अक्तूबर के दौरान कई इलाकों में बारिश हो सकती है। तेलंगाना में तेज हवाएं चलने की संभावना है। 9-11 अक्टूबर के दौरान ओडिशा में भी बारिश हो सकती है।  9-10 अक्टूबर के दौरान असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकी है। 10 अक्टूबर को अरुणाचल प्रदेश में बारिश के आसार बन रहे हैं।

राजस्थान में मौसम विभाग के अनुसार, आज से मौसम शुष्क हो जाएगा और बारिश के बाद दिन भर धूप खिली रहेगी और मौसम अपना अलग रूप दिखाएगा। अगले एक सप्ताह तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। अक्टूबर के आखिरी सप्ताह या नवंबर की शुरुआत तक सर्दी शुरू हो जाएगी। उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बर्फबारी हुई है। हिमाचल के कुल्लू और मंडी जिलों और लाहौल-स्पीति जिले के विभिन्न हिस्सों में ताजा बर्फबारी के बीच हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर जारी है। अधिकारियों ने बताया कि बर्फबारी के कारण मनाली-लेह मार्ग अवरुद्ध हो गया और लेह जाने वाले वाहनों को दारचा में रोक दिया गया। लाहौल-स्पीति के गोंधला में 30 सेंटीमीटर, केलांग में 15 सेंटीमीटर, हंसा में पांच सेंटीमीटर और कुकुमसेरी में 3.2 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच-छह डिग्री सेल्सियस कम रहा जबकि अधिकतम तापमान में भी सामान्य से सात से 14 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। स्थानीय मौसम कार्यालय ने बताया कि राज्य के निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मध्यम से बहुत भारी बारिश हुई है।


स्काईमेट वेदर की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ एक प्रेरित निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में अब पूर्वी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों पर स्थित है. एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक रहा है. इसके अलावा दक्षिण बांग्लादेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है. पूर्वोत्तर असम पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है. इन मौसमी गतिविधियों के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और उत्तरी पंजाब में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई. असम और मेघालय, झारखंड के कुछ हिस्सों, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हुई.स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल, तटीय कर्नाटक और तमिलनाडु में मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गोवा और दक्षिण कोंकण और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पश्चिमी हिमालय, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र में हल्की बारिश की संभावना है. 

 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें