Vice President Election: उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मंगलवार यानी 8 सितंबर को वोटिंग होनी है। विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी को अपना उम्मीदवार बनाया है, तो वहीं एनडीए की ओर से कई राज्यों के राज्यपाल रहे सीपी राधाकृष्णन को चुना गया है। सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों अपनी-अपनी रणनीति बना रहे हैं। उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले बी सुदर्शन रेड्डी ने RJD प्रमुख लालू यादव से मुलाकात की। इस मुलाकात पर बीजेपी ने तंज कसा है।
भाजपा नेता अमित मालवीय ने बी. सुदर्शन रेड्डी की चारा घोटाले के दोषी लालू प्रसाद से मुलाकात की आलोचना की। उन्होंने इस मुलाकात को एक उच्च संवैधानिक पद के आकांक्षी व्यक्ति की ओर से सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी पर एक चौंकाने वाला बर्ताव बताया। उन्होंने सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की चुप्पी पर भी निशाना साधा और इसे पाखंड कहा। मालवीय ने कहा, 'इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात सेवानिवृत्त न्यायाधीशों और संवैधानिक नैतिकता के स्वयंभू संरक्षकों की चुप्पी है। उनका पाखंड उजागर हो गया है।'
बी. सुदर्शन रेड्डी और लालू यादव की तस्वीर शेयर करते हुए भाजपा नेता अमित मालवीय ने अपने ट्वीट में लिखा, "सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश और विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के संयुक्त उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने हाल ही में चारा घोटाले के दोषी लालू प्रसाद से मुलाकात की, जो संसद सदस्य भी नहीं हैं और उपराष्ट्रपति चुनाव में उनका कोई वोट नहीं है। यह न केवल एक भयावह दिखावा है, बल्कि एक उच्च संवैधानिक पद की आकांक्षा रखने वाले व्यक्ति की ओर से सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी पर एक चौंकाने वाला रुख है। उनका पाखंड उजागर हो गया है।"