ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच लगातार मेघालय पुलिस कर रही है. लगातार शिलांग पुलिस की एसआईटी की टीम सबूत जुटा रही है. पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर शिलोम जेम्स को इस मामले में गिरफ्तार किया है. शिलोम ने रतलाम में अपने ससुराल में राजा और सोनम के गायब हुए गहने और लैपटॉप छिपा रहे थे, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिा है. अब सोमवार को राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी को इंदौर क्राइम ब्रांच थाने बुलाया गया था. क्राइम ब्रांच थाने में विपिन रघुवंशी ने पुलिस को शादी के समय सोनम और राजा को दिए गए गहनों की पूरी जानकारी दी.
अब शिलांग पुलिस रतलाम में जब्त किए गए गहनों को सोनम और राजा की शादी के गहनों से मैच करेगी. इस दौरान राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि 15 लाख से ज्यादा के गहने सोनम के पास थे. राजा भी घर से सोने की चेन पहन कर निकला था. सोनम के पास लैपटॉप होने की हमे कोई जानकारी नहीं थी.
शिलांग पुलिस की एसआईटी की टीम लगातार राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रही है. सोमवार को राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी को भी शिलांग पुलिस ने इंदौर क्राइम ब्रांच ऑफिस बुलाया था. इस दौरान विपिन रघुवंशी ने शादी के वक्त सोनम को चढ़ाए गए गहनों की तस्वीरें पुलिस को दी. अब शिलांग पुलिस जब्त किए गए गहनों से तस्वीरों को मैच करेगी. विपिन रघुवंशी अभी भी इस पूरे मामले में नर्कों टेस्ट की मांग कर रहे है. विपिन रघुवंशी का कहना कि अभी तक उनके भाई राजा की हत्या क्यों की गई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है.
शिलोम जेम्स की निशानदेही पर शिलांग पुलिस की टीम रतलाम के मंगल मूर्ति नगर पहुंची थी. यहां उसके एक रिश्तेदार के घर से बैग बरामद किया गया. माना जा रहा है कि इसी बैग में शिलोम ने सोनम और राज के गहने छिपाए थे. बताया जा रहा है कि सोनम शिलांग से आकर इंदौर में छिपी हुई थी. इसी दौरान शिलोम ने उसकी ज्वेलरी से भरा बैग इंदौर से लाकर रतलाम अपने ससुराल में छिपा दिया था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोनम ने लसूड़िया इलाके से एक बैग लेकर रतलाम ले जाकर उसे छिपाया था. फिलहाल शिलांग पुलिस इस केस की तह में जाने की कोशिश में जुटी है और सोमवार को एक बार फिर विपिन रघुवंशी को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है. पुलिस की जांच फिलहाल जारी है और राजा के परिवार का दावा है कि पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने के लिए गहन और निष्पक्ष जांच जरूरी है. परिवार का यह भी कहना है कि वे तब तक शांत नहीं बैठेंगे जब तक राजा को पूरी तरह से न्याय नहीं मिल जाता.