Delhi-NCR Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। शीर्ष अदालत ने साफ कहा है कि अमीरों की जीवनशैली से पैदा होने वाली समस्याओं का सबसे ज्यादा खामियाजा गरीब वर्ग को भुगतना पड़ता है। अदालत ने संकेत दिए हैं कि वह वायु प्रदूषण पर ऐसे प्रभावी और लागू करने योग्य आदेश पारित करेगी, जिनका जमीन पर असर दिखे। इस मामले में अगली अहम सुनवाई 17 दिसंबर को होगी।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि प्रदूषण अब केवल पर्यावरण का मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि यह सामाजिक न्याय से भी जुड़ गया है। निर्माण कार्य बंद होने, आवाजाही पर रोक और गतिविधियों पर पाबंदियों का असर सीधे गरीब मजदूरों और दिहाड़ी कामगारों पर पड़ता है। अदालत ने स्पष्ट किया कि वह इस असंतुलन को नजरअंदाज नहीं कर सकती और समाधान ऐसा होना चाहिए, जिसमें नियमों का पालन भी हो और कमजोर वर्ग पर बोझ भी न पड़े।