अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को दावोस में विश्व आर्थिक मंच पर बोलते हुए भारत के साथ एक मजबूत व्यापार समझौता को लेकर भरोसा जताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें शानदार नेता बताया। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध को रोका। यह बयान उन्होंने विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में अपने विशेष संबोधन के दौरान दिया। यह पहली बार नहीं जब ट्रंप की ओर से यह दावा किया गया है। इससे पहले भी वह कई बार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर यह दावा करते रहे हैं। संबोधन के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर मेरे मन में बहुत सम्मान है। वह बेहतरीन शख्स है और मेरे दोस्त हैं। हमारे बीच बेहतरीन व्यापार समझौता होने जा रहा है। वहीं ट्रंप ने अपने इस दावे को फिर दोहराया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध के बीच युद्ध को रोका, जैसा कि उन्होंने कई अन्य युद्धों के साथ किया था। इससे पहले, पिछले साल 10 मई से लेकर अब तक कम से कम 80 से अधिक बार भारत और पाकिस्तान संघर्ष को रोकने का श्रेय खुद को दिया है। सबसे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि अमेरिका की मध्यस्थता में हुई बातचीत के बाद दोनों पड़ोसी देशों ने पूर्ण और तत्काल युद्धविराम पर सहमति जताई है। हालांकि, भारत ने लगातार किसी भी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से इनकार किया है। डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा, मेरे राष्ट्रपति शी और राष्ट्रपति पुतिन के साथ हमेशा बहुत अच्छे संबंध रहे हैं। चीन के राष्ट्रपति शी एक शानदार इंसान हैं। उन्होंने जो किया है, वह कमाल का है। हर कोई उनका बहुत सम्मान करता है। कोविड की वजह से इसमें बहुत अधिक रुकावट आई। मैं इसे चीन वायरस कहता था, लेकिन उन्होंने कहा, क्या आपको लगता है कि आप कोई दूसरा नाम इस्तेमाल कर सकते हैं और मैंने ऐसा करने का फैसला किया क्योंकि इस बात पर हमें कोई दिक्कत क्यों होनी चाहिए?