बीजेपी में उम्मीदवारों के विरोध की आग प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी तक पहुंच चुकी है। वाराणसी कैंट से सौरभ श्रीवास्तव को टिकट दिए जाने के विरोध में पार्टी के कई पार्षदों समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इनका आरोप था कि सौरभ के पिता और मां दोनों विधायक रहे हैं और वंशवाद के चलते ही उन्हें टिकट मिला है, जबकि क्षेत्र में कई दूसरे ऐसे नेता हैं जो सौरभ श्रीवास्तव से बेहतर दावेदार थे। इन्होंने चेतावनी दी कि अगर सौरभ श्रीवास्तव का टिकट नहीं काटा गया तो कैंट में पार्टी हार सकती है।